Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ब्रेकिंग

latest

निगम के प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक से की गई मारपीट

  भिलाई। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासनिक अमला उसके पालन में लगा हुआ है। सोमवार से ही नेताओं और राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर और...

 

भिलाई। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासनिक अमला उसके पालन में लगा हुआ है। सोमवार से ही नेताओं और राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर और फ्लैक्स को निकालने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार को भी भिलाई निगम का अमला संपत्ति विरूपण की कार्रवाई कर रहा था। इस काम में लगे निगम के जोन-5 के प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक और सहायक राजस्व निरीक्षक से सेक्टर-7 में मारपीट हुई। शराब के नशे में कार से पहुंचे दो लोगों ने उन पर आरोप लगाया कि वे सिर्फ भाजपा नेताओं के ही बैनर हटा रहे हैं और वाल राइटिंग को मिटा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के पोस्टर अभी भी टंगे हुए हैं। इसी बात को लेकर आरोपितों ने अपने कुछ और साथियों को बुलाकर निगम के अधिकारियों से मारपीट की।  इस घटना की भिलाई नगर थाना में शिकायत की गई। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली गलौज, शासकीय सेवक से मारपीट और धमकाने की धाराओं के तहत प्राथमिकी की है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। भिलाई निगम के जोन-5 के प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक सागर दुबे और सहायक राजस्व निरीक्षक शशांक शेखर सिंह अपने दल के साथ संपत्ति विरूपण की कार्रवाई कर रहे थे। निगम का पूरा अमला सेक्टर-7 से नेहरू नगर जाने वाले ओवर ब्रिज के पिलरों और दीवार पर लिखे भाजपा प्रत्याशी प्रेमप्रकाश पांडेय के नाम को मिटा रहा था। इसी दौरान कार से दो आरोपित पहुंचे। निगम अधिकारियों ने आरोप लगाया कि दोनों शराब के नशे में थे। उनमें से एक आरोपित का नाम टी शंकर था। टी शंकर ने उनसे गाली गलौज करते हुए कहा कि निगम के अधिकारी सिर्फ भाजपा नेताओं के ही बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स उतार रहे हैं और दीवार पर लिखे नाम को मिटा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं के बैनर, पोस्टर नहीं हटाए जा रहे हैं।  निगम के अधिकारियों ने निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करने की बात कही तो आरोपितों ने गाली गलौज शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने फोन कर आठ से 10 लड़कों को बुला लिया। इसके बाद प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक सागर दुबे से मारपीट की गई। बीच बचाव करने आए सहायक राजस्व निरीक्षक शशांक शेखर सिंह से भी हाथापाई की। घटना की शिकायत के बाद भिलाई नगर पुलिस ने दो आरोपित टी शंकर और डेनियल को गिरफ्तार कर लिया गया है। निगम के अधिकारियों से विवाद का एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है। जिसमें निगम अधिकारियों को गाली देने और प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक को थप्पड़ मारे जाने का दृश्य नजर आ रहा है। इस घटना का शिकार हुए निगम के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ लड़के चाकू और बेस बल्ला लेकर पहुंचे थे और उन्हें मारने की धमकी दे रहे थे। सेक्टर-7 में दोबारा नजर आने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मारपीट की घटना के बाद हुई आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद कुछ भाजपा कार्यकर्ता भी भिलाई नगर थाना पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में कार्रवाई कर रही है। उन्होंने निगम के कर्मचारियों पर ही गाली गलौज और विवाद की शुरुआत करने का आरोप लगाते हुए दबाव में झूठी शिकायत करने की बात कही। रात तक भिलाई नगर थाना में गहमागहमी का माहौल रहा। एएसपी शहर संजय ध्रुव ने कहा, घटना की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली गलौज, शासकीय सेवक से मारपीट और धमकाने की धाराओं के तहत प्राथमिकी की गई है। मामले की जांच की जा रही है। दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकि की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

No comments