Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ब्रेकिंग

latest

10वीं में 76.22% स्टूडेंट पास, 12वीं में 74.48% हुए सफल; 15 साल का रिकॉर्ड टूटा

  भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सुब...

 

भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सुबह 10 बजे एक क्लिक से परिणाम जारी किया। 10वीं में 76.22 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए हैं। यह पिछले वर्ष की तुलना में 18.12 प्रतिशत अधिक है। 2024 में 58.10 प्रतिशत परीक्षार्थी ही सफल हो पाए थे। 12वीं का परिणाम भी 9.99 प्रतिशत तक सुधरा है। इसमें 74.48 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। पिछले वर्ष 12वीं का परिणाम 64.49 प्रतिशत ही रहा था। हर बार की तरह इस बार भी दोनों कक्षाओं में बेटियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर परचम लहराया है। इस वर्ष 10वीं में 79.27 प्रतिशत छात्राएं और 73.21 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। राज्य स्तरीय मेधावी सूची में कुल 212 विद्यार्थियों ने स्थान पाया है, इनमें 144 बालिकाएं शामिल हैं। 10वीं में सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल ने 500 अंकों की परीक्षा में 500 अंक पाकर पहला स्थान हासिल किया है। उधर, 12वीं में 77.55 प्रतिशत छात्राएं और 71.37 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। 12वीं की राज्य स्तरीय मेधावी सूची में 159 विद्यार्थियों ने स्थान पाया है, इनमें 89 बालिकाएं हैं। परिणाम की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि जो विद्यार्थी असफल हुए हैं, उनका साल खराब नहीं होगा। वे साल में दो बार परीक्षा दे सकेंगे। इस तरह का प्रयोग करने वाला मध्य प्रदेश देश का तीसरा राज्य बन गया है। मप्र बोर्ड परीक्षा में असफल होने वाले विद्यार्थियों को एक और मौका देने का निर्णय किया गया गया है। वे विद्यार्थी जो फेल हो गए हैं या अपने अंकों में सुधार (इंप्रूवमेंट) करना चाहते हैं, वे 17 जून से दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। इसके लिए सात मई से 21 मई तक आवेदन होंगे।

No comments