कोरबा: कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर इंटरनेट मीडिया में प्रसारित एक वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए है...
कोरबा:
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को लेकर इंटरनेट मीडिया में प्रसारित
एक वीडियो ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में
कुछ नर्स वेस्टर्न म्यूजिक पर कैटवाक करते, केक काटते और जन्मदिन मनाते नजर
आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अस्पताल परिसर का है।
वीडियो
सामने आने के बाद मरीजों और उनके स्वजन में नाराजगी बढ़ गई है। मरीज के
स्वजन आमिर खान ने कहा कि अस्पताल में पीने के पानी तक की समुचित व्यवस्था
नहीं है। वार्डों में लगे कूलर बंद पड़े हैं, सफाई व्यवस्था बदहाल है और कई
जगहों पर बदबू फैली हुई है। ऐसे हालात में कर्मचारियों का जश्न मनाना
संवेदनहीनता को दर्शाता है।
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की
व्यवस्थाएं इन दिनों लगातार सवालों के घेरे में हैं। भीषण गर्मी के बीच
भर्ती मरीज उमस और गर्मी से परेशान हैं। पांच महीने पहले स्वास्थ्य मंत्री
श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल को वातानुकूलित सुविधा देने की घोषणा की
थी, लेकिन वर्तमान में कूलर तक ठीक से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इससे
मंत्री की घोषणा और जमीनी स्थिति के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है।
अस्पताल
परिसर में गंदगी, कचरे के ढेर और अस्वच्छ शौचालयों को लेकर भी मरीजों व
स्वजन में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से
संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वहीं इंटरनेट मीडिया में प्रसारित
वीडियो को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं कि ओपीडी समय के दौरान ही
कर्मचारियों ने केक काटकर वीडियो बनाए।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल
में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कई बार
मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कुछ चिकित्सकों पर निजी क्लीनिक को
प्राथमिकता देने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। कटघोरा में 100 बिस्तर
अस्पताल की घोषणा की गई है ।
लोगों का कहना है कि जब वर्तमान
व्यवस्था ही पटरी पर नहीं है, तब बड़े अस्पताल के संचालन को लेकर चिंता
स्वाभाविक है। पुराने 30 बिस्तर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में
पर्याप्त स्टाफ नहीं है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा एसएन
केसरी ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो अस्पताल परिसर का है
या किसी अन्य स्थान का। मामले की जांच कराई जा रही है।

No comments