रायपुर । गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड की गोरखपुर पंचायत में रहने वाली भगवती राठौर आज ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल...
रायपुर । गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड की गोरखपुर पंचायत में रहने वाली भगवती राठौर आज ग्रामीण महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल बनकर उभरी हैं। कभी सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी से जूझने वाली भगवती ने मेहनत, आत्मविश्वास और बिहान योजना के सहयोग से अपनी जिंदगी की दिशा बदल दी।
एक समय ऐसा था जब उनके पास खेती के लिए बहुत कम जमीन थी और छोटी-सी सब्जी बाड़ी से होने वाली आय से परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो जाता था। इसी दौरान वे ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अंतर्गत संचालित “पायल महिला स्व-सहायता समूह” से जुड़ीं। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आर्थिक सहयोग, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का हौसला मिला। आज भगवती करीब 1 एकड़ 28 डिसमिल भूमि में विभिन्न प्रकार की साग-सब्जियों की खेती कर रही हैं। इसके साथ ही वे गेहूं और चना जैसी फसलों का उत्पादन भी कर रही हैं। उनकी मेहनत का परिणाम है कि अब उनकी मासिक आय 10 से 12 हजार रुपये तक पहुंच गई है।
शासन की योजनाओं ने भी उनके जीवन को नई मजबूती दी है। महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल मिला, वहीं उज्ज्वला गैस कनेक्शन ने घरेलू जीवन को आसान बनाया। भगवती कहती हैं कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनमें आत्मनिर्भर बनने का विश्वास बढ़ा। आज वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं के प्रति मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।

No comments