जनसमस्या निवारण शिविर बना आम लोगों के लिए सुविधा और समाधान का प्रभावी माध्यम रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आय...
जनसमस्या निवारण शिविर बना आम लोगों के लिए सुविधा और समाधान का प्रभावी माध्यम
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में आयोजित सुशासन तिहार ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का माध्यम बनता जा रहा है। जनसमस्या निवारण शिविरों के जरिए शासन की योजनाओं का लाभ अब सीधे गांव और पंचायत स्तर तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
इसी क्रम में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत
कुकुटरापारा निवासी श्री संतोष को गांव में आयोजित समाधान शिविर में नया
राशन कार्ड प्रदान किया गया। राशन कार्ड मिलने से उनके परिवार को खाद्यान्न
संबंधी परेशानियों से राहत मिली है।
श्री संतोष ने बताया कि राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें चावल और अन्य
आवश्यक खाद्यान्न प्राप्त करने में कठिनाई होती थी। राशन कार्ड बनवाने के
लिए कई बार प्रयास करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था।
सुशासन तिहार के तहत गांव में आयोजित शिविर में आवेदन देने के बाद उनका
राशन कार्ड तत्काल बनाकर सौंप दिया गया।
उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें किसी कार्यालय के चक्कर
नहीं लगाने पड़ेंगे और परिवार को नियमित रूप से राशन मिल सकेगा। उन्होंने
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि
सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों को गांव में ही सुविधाएं उपलब्ध हो
रही हैं, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में
राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, किसान क्रेडिट कार्ड, वन अधिकार पत्र
सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा
है। शासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में जनसुविधाओं की पहुंच और अधिक
मजबूत हो रही है।

No comments