11 बसों के संचालन से दूरस्थ क्षेत्रों को मिली बेहतर परिवहन सुविधा छात्रों, किसानों, श्रमिकों और मरीजों को मिल रहा सीधा लाभ रायपुर । मुख...
11 बसों के संचालन से दूरस्थ क्षेत्रों को मिली बेहतर परिवहन सुविधा
छात्रों, किसानों, श्रमिकों और मरीजों को मिल रहा सीधा लाभ
रायपुर
। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत जशपुर जिले के दूरस्थ और ग्रामीण
क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाया गया है। योजना के
अंतर्गत जिले में वर्तमान में 11 बसों का नियमित संचालन किया जा रहा है,
जिससे हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित, सुलभ और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध
हो रही है।
जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बसों का
संचालन कैलाशगुफा-बगीचा, सन्ना-चम्पा, कोतबा-बुलडेगा, तेलाईन-फरसाबहार,
रनपुर-कांसाबेल, दोकड़ा-दुलदुला, जशपुर-हर्री, जशपुर-बिचीटोली,
जूनाडीह-बासनतला, पत्थलगांव-नारायणपुर तथा दुलदुला-अबिरा मार्गों पर किया
जा रहा है। इन रूटों के शुरू होने से दूरस्थ गांवों का संपर्क मुख्य
बाजारों, शैक्षणिक संस्थानों और स्वास्थ्य केंद्रों से बेहतर हुआ है।
योजना
के लागू होने के बाद ग्रामीणों को निजी वाहनों या महंगे परिवहन साधनों पर
निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। कम किराए पर नियमित बस सेवा उपलब्ध होने से
लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है। इससे दैनिक आवागमन अधिक
सुविधाजनक और सुगम बन गया है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का सबसे
अधिक लाभ विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों को मिल रहा
है। विद्यार्थी अब आसानी से स्कूल और कॉलेज पहुंच पा रहे हैं, किसान अपनी
कृषि उपज को कम लागत में बाजार तक पहुंचा रहे हैं तथा श्रमिकों को
कार्यस्थलों तक आने-जाने में सहूलियत मिल रही है। इससे ग्रामीण
अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिली है।
स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के
क्षेत्र में भी योजना सकारात्मक बदलाव ला रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के
मरीज अब कम समय और कम खर्च में अस्पताल पहुंच पा रहे हैं, जिससे समय पर
उपचार संभव हो रहा है। यह सुविधा विशेष रूप से दूरस्थ गांवों में रहने वाले
लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस
योजना जशपुर जिले में केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह
ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने, आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और समग्र
विकास को गति देने का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। ग्रामीण अंचलों
में बेहतर संपर्क और सुगम आवागमन के माध्यम से यह योजना विकास की नई
संभावनाओं के द्वार खोल रही है।

No comments