Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ब्रेकिंग

latest

राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में कोंडागांव की बेटी हेमबती ने जीता कांस्य पदक

    महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने दी बधाई, कहा- बेटियों की प्रतिभा को मिल रहा नया आसमान रायपुर । छत्तीसगढ़ की बेटिया...

 

 

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने दी बधाई, कहा- बेटियों की प्रतिभा को मिल रहा नया आसमान

रायपुर । छत्तीसगढ़ की बेटियां खेल जगत में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में आकांक्षी जिला कोंडागांव की प्रतिभावान खिलाड़ी हेमबती नाग ने चंडीगढ़ में आयोजित ओपन नेशनल जूडो प्रतियोगिता में 40 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

हेमबती नाग राज्य शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा संचालित बालिका गृह, कोंडागांव की खिलाड़ी हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच अपने शानदार कौशल, अनुशासन, संघर्षशीलता और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता न केवल कोंडागांव जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने हेमबती नाग को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार बेटियों को शिक्षा, खेल और व्यक्तित्व विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हेमबती की सफलता प्रदेश की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणादायी है और यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी संसाधन या भौगोलिक सीमा की मोहताज नहीं होती। उचित मार्गदर्शन, अवसर और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि बालिका गृहों में निवासरत बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ बालिकाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

हेमबती की इस उपलब्धि से बालिका गृह की अन्य बालिकाओं में भी खेलों के प्रति उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा बालिका गृह द्वारा उपलब्ध कराए गए अनुकूल वातावरण का परिणाम है। हेमबती नाग आज प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा और संघर्ष से सफलता तक पहुंचने का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी हैं।

No comments