बुधरी माड़वी के जीवन में आई खुशहाली, मां और शिशु दोनों स्वस्थ रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना सच में मातृशक्ति के लिए एक बड़ा...
बुधरी माड़वी के जीवन में आई खुशहाली, मां और शिशु दोनों स्वस्थ
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना सच में मातृशक्ति के लिए एक बड़ा सहारा बन गई है। इसके जरिए राज्य की 66 लाख से अधिक पात्र विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपए की आर्थिक मदद सीधे डीबीटी (क्ठज्) के माध्यम से दी जा रही है। यह योजना सिर्फ एक आर्थिक मदद नहीं है, बल्कि यह माताओं और बहनों के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुकी है।
छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। बीजापुर जिले के विकासखंड कुटरू के सेक्टर कुटरू अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र ताड़मेर की हितग्राही श्रीमती बुधरी माड़वी इस योजना का लाभ लेकर अपने परिवार के बेहतर भविष्य की ओर बढ़ रही हैं।
गर्भावस्था के दौरान मिली आर्थिक मदद
26 वर्षीय बुधरी माड़वी बताती हैं कि गर्भावस्था के दौरान आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पौष्टिक आहार, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था करना उनके लिए मुश्किल था। ऐसे समय में महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 1,000 रुपए की आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत बनकर आई।
महतारी वंदन योजना ने मुझे आर्थिक रूप से मजबूत बनाया-बुधरी माड़वी
बुधरी माड़वी बताती हैं कि गर्भावस्था के दौरान से अब तक मुझे दूध, फल, हरी सब्जियां और दवाइयां खरीदने में परेशानी नहीं हुई। बच्चे के जन्म के बाद उसके कपड़े, देखभाल और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था भी इसी राशि से हो जाती है। हर महीने मिलने वाले 1,000 रुपए से घर के खर्च में भी काफी मदद मिलती है। इस योजना ने मुझे आर्थिक रूप से मजबूत बनाया है और मैं बहुत खुश हूं।
मां और शिशु दोनों को मिला बेहतर स्वास्थ्य का लाभ
महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से बुधरी माड़वी को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकीं। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि आज मां और शिशु दोनों स्वस्थ हैं।
महतारी वंदन योजना महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दे रही है, बल्कि उन्हें मातृत्व के दौरान सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी प्रदान कर रही है। राज्य शासन की यह जनकल्याणकारी योजना प्रदेश की हजारों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य तथा सुरक्षित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है।

No comments