Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ब्रेकिंग

latest

19 सितंबर को अंबिकापुर में जुटेगा अग्रवाल समाज का महाकुंभ

  00 देशभर के अग्रवाल समाज के प्रमुख पदाधिकारी होंगे शामिल रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित अग्र महाकुंभ-2026 प्रांतीय...

 00 देशभर के अग्रवाल समाज के प्रमुख पदाधिकारी होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा आयोजित अग्र महाकुंभ-2026 प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन आगामी 19 एवं 20 सितंबर 2026 को अंबिकापुर में किया जा रहा है। आयोजन के 19 सितंबर के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे।

इस अवसर पर देशभर से अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के अनेक प्रमुख पदाधिकारी, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि अंबिकापुर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक श्री सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री एवं संरक्षक श्री राजेश अग्रवाल, विधायक बसना एवं संरक्षक श्री संपत अग्रवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल (इंदौर), राष्ट्रीय महामंत्री श्री राजेश भारूका (सूरत), राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री अशोक बूबानीवाला (भिवानी) सहित विभिन्न प्रांतों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं प्रमुख पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
समाज की एकजुटता और नई पीढ़ी के संवाद का महाकुंभ
पूरे आयोजन की परिकल्पना छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के मार्गदर्शन में की जा रही है। श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर और संभागीय अग्रवाल महासभा सरगुजा के आतिथ्य में आयोजित दो दिवसीय यह आयोजन केवल अधिवेशन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को जोडऩे और नई दिशा देने वाले अनेक महत्वपूर्ण सत्रों का साक्षी बनेगा। अग्र महाकुंभ के संयोजक द्वय सुभाष गोयल एवं कन्हैयालाल अग्रवाल अंबिकापुर ने बताया कि, आयोजन में महिला सत्र, युवा सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामाजिक एवं संगठनात्मक चर्चा सहित विभिन्न कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होंगे। विशेष रूप से 19 सितंबर की शाम आयोजित होने वाला अखिल भारतीय कवि सम्मेलन 20 सितंबर को आयोजित होने वाला अग्र अलंकरण समारोह, प्रसिद्ध मोटीवेटर मनीष भाई वाघसिया का परिवार उत्सव आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल रायपुर , अग्रवाल सभा अंबिकापुर के महासचिव संजय अग्रवाल अंबिकापुर एवं संभागीय अग्रवाल महासभा सरगुजा के महामंत्री सुनील अग्रवाल बॉबी अंबिकापुर ने बताया कि इस कवि सम्मेलन में लाफ्टर चैलेंज एवं वाह भाई वाह जैसे लोकप्रिय हास्य-काव्य कार्यक्रमों से जुड़े तथा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कवि अपनी प्रस्तुतियों से अंबिकापुर की शाम को हास्य और साहित्य के रंगों से सराबोर करेंगे।

अग्र अलंकरण समारोह में सम्मानित होंगे समाज के विशिष्ट व्यक्तित्व
अग्र महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित होने वाला दशम अग्र अलंकरण समारोह भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा, जिसमें समाज, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, सेवा, युवा, महिला एवं अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के विशिष्ट प्रतिभाओं एवं उपलब्धि हासिल करने वाले अग्र बंधुओं का सम्मान किया जाएगा। आयोजन की जानकारी देते हुए अग्र अलंकरण समारोह के संयोजक श्री ललित अग्रवाल, महिला संगठन की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अनीता मोहनलाल अग्रवाल एवं युवा टीम के प्रदेश अध्यक्ष श्री आशीष सेक्सरिया एवं प्रजा प्रसार प्रभारी मनोज अग्रवाल अंबिकापुर ने बताया कि अग्र महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश एवं देशभर के अग्रवाल समाज को एक मंच पर लाकर संगठन, संवाद, सेवा और सामाजिक सहभागिता को नई मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर में होने वाला यह आयोजन सामाजिक एकता, नई पीढ़ी की भागीदारी और समाज की सामूहिक शक्ति का भव्य प्रदर्शन होगा। आयोजकों ने प्रदेश एवं देशभर के अग्रवाल समाज के बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में अंबिकापुर पहुंचकर अग्र महाकुंभ-2026 को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने का आह्वान किया है।

No comments