रायपुर। फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में जेल में बंद बलौदाबाजार भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी के खिलाफ रायपुर में एक और मामला ...
रायपुर। फर्जी ट्रांसफर आदेश मामले में जेल में बंद बलौदाबाजार भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी के खिलाफ रायपुर में एक और मामला सामने आया है। तेलीबांधा पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर शासकीय विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में अपराध दर्ज किया है। जांच के दौरान एक गवाह से पूछताछ में कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया है। तेलीबांधा थाने में इस मामले में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 318(4), 336(3), 338 और 340(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी विनोद कुमार वर्मा ने शिकायत की थी कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्ति के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नियुक्ति पत्र और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने हेमंत साहू, पिता रामगोपाल साहू, निवासी कसडोल से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि हेमंत साहू से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर कृष्णा अवस्थी का नाम सामने आया। विवेचना में यह भी पता चला कि कृष्णा अवस्थी ने कथित तौर पर हेमंत साहू से नौकरी लगाने के नाम पर 2 लाख रुपए लिए थे। पुलिस के मुताबिक, रकम लेने के बदले हेमंत साहू को कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र दिया गया था। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

No comments