32.40 क्विंटल धान का किया विक्रय, किसान हितैषी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जताया आभार नारायणपुर जिले में 19 उपार्जन...
32.40 क्विंटल धान का किया विक्रय, किसान हितैषी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का जताया आभार
नारायणपुर जिले में 19 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों को मिल रही धान विक्रय की सुविधा
रायपुर । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। शासन की इस व्यवस्था से दूरस्थ वनांचल के किसानों को भी अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। नारायणपुर जिले के ग्राम पालकी निवासी किसान श्री महेश कुमार नेताम भी इस व्यवस्था से लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने 32.40 क्विंटल धान का विक्रय कर निर्धारित दर के अनुसार एक लाख 440 रुपए की राशि का लाभ अर्जित किया है।
किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उनकी उपज का बेहतर मूल्य दे रहीं हैं सरकार
ग्राम पालकी निवासी श्री महेश कुमार नेताम, पिता श्री नरजू, अपनी 1.24 हेक्टेयर कृषि भूमि में धान की खेती करते हैं। इस वर्ष उन्होंने बिंजली धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज का विक्रय किया। धान का बेहतर मूल्य मिलने से उत्साहित श्री नेताम ने बताया कि शासन की सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को काफी सहूलियत मिल रही है। उपार्जन केंद्र में उन्हें धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
उपार्जन केंद्रों में पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारु धान खरीदी व्यवस्था
नारायणपुर जिले में किसानों की सुविधा और धान खरीदी व्यवस्था को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से इस वर्ष उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19 कर दी गई है। हलामीमुंजमेटा एवं तारागांव में दो नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध हुई है। कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी उपार्जन केंद्रों में पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारु धान खरीदी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
नारायणपुर जिले के 10,686 किसानों का पंजीयन
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में नारायणपुर जिले के 10,686 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनका कुल पंजीकृत कृषि रकबा 13,063.08 हेक्टेयर है। किसानों को धान विक्रय के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन तथा संबंधित सहकारी समिति के माध्यम से ऑफलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिले में 15 नवम्बर 2026 से प्रारंभ धान खरीदी का कार्य 15 जनवरी 2027 तक संचालित होगा।
धान की उपज का बेहतर मूल्य, सुलभ टोकन व्यवस्था और उपार्जन केंद्रों के विस्तार से वनांचल के किसानों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही खेती-किसानी को मजबूती मिल रही है।

No comments