Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ब्रेकिंग

latest

डिप्टी CM विजय शर्मा ने अपने शिक्षकों के पैर छुकर लिया आशीर्वाद

कवर्धा . उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे राष्ट्र निर्माता शिक्षकों का समाज में स्थान सदैव आदरणीय और अग्रणी है. विजय शर्मा आज स्व...


कवर्धा. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे राष्ट्र निर्माता शिक्षकों का समाज में स्थान सदैव आदरणीय और अग्रणी है. विजय शर्मा आज स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, कवर्धा में आयोजित मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण, शिक्षा सत्र 2026-27, शिक्षा दूत और ज्ञानदीप पुरस्कार सम्मान समारोह में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के 108 शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया. सम्मानित शिक्षकों में सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल रहे. उप मुख्यमंत्री शर्मा ने सभी शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सम्मानित सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य विद्यार्थियों और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुजनों से मिले संस्कार और ज्ञान को आज भी प्रासंगिक और उपयोगी बताया. उन्होने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के नव निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शिक्षक केवल कक्षा में पाठ्यक्रम का ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके जीवन को सही दिशा देने का कार्य भी करते हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षक का प्रभाव विद्यार्थी के जीवन पर लंबे समय तक बना रहता है. कक्षा में दिया गया ज्ञान और गुरुजनों द्वारा सिखाए गए संस्कार जीवन के प्रत्येक पड़ाव पर काम आते हैं. कार्यक्रम में इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू,  मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, लोकचन्द साहू, मनीराम साहू, राजा टाटिया, विजय लक्ष्मी तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण विद्यार्थी उपस्थित रहे.

No comments